जलेसर (एटा)। श्रावण माह के पावन अवसर पर जलेसर के समसपुर रोड स्थित महादेव-परशुराम खाटू श्याम मंदिर में प्रत्येक सोमवार को रुद्राभिषेक एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
ब्राह्मण समाज महासभा के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण माह के चारों सोमवार को मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक के साथ भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सभी विप्र बंधु एवं श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करें, प्रसाद ग्रहण करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।
उन्होंने बताया कि यह धार्मिक आयोजन समाज के सहयोग और भक्तों की सहभागिता से संपन्न कराया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।यह जानकारी ब्राह्मण समाज महासभा जलेसर के मीडिया प्रभारी प्रवेंद्र शर्मा द्वारा दी गई है।







