World Athletics U20 Championship: प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। मेहनत और लगन के दम पर युवा खिलाड़ी लगातार देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में गोरखपुर जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के लोहंगपुर सराय मधई निवासी शाहनवाज खान ने अमेरिका में आयोजित विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में चल रही विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 प्रतियोगिता के लॉन्ग जंप मुकाबले में शाहनवाज खान ने **7.73 मीटर** की छलांग लगाकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उनके इस प्रदर्शन से जिले के साथ प्रदेश और देश का भी नाम रोशन हुआ है।
शानदार प्रदर्शन पर सीएम योगी ने दी बधाई
शाहनवाज खान के बेहतरीन प्रदर्शन की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शाहनवाज की इस उपलब्धि से उनके गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने भी उनके प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अब सभी की निगाहें प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां शाहनवाज खान से एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।






