जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में यूनियन बैंक के एक मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय दुर्गेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के रहने वाले थे और जौनपुर में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घटना बक्शा थाना क्षेत्र में प्रभु ढाबा के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, दुर्गेश श्रीवास्तव की कार बक्शा थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्होंने चलती कार में खुद को गोली मार ली थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है और घटना के पीछे क्या वजह रही, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दुर्गेश श्रीवास्तव की तैनाती जौनपुर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर सुजानगंज थाना क्षेत्र की सराय पड़री शाखा में थी। उनकी मौत की खबर से परिचितों और परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।





















