Lucknow BCA Student Murder Case: राजधानी के पारा स्थित नरपतखेड़ा क्षेत्र में BCA की 17 साल की छात्रा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सहपाठी देववंश पाठक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के साथ-साथ रेप और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घर में अकेली पाकर वारदात को दिया अंजाम
घटना के समय छात्रा घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता गांव गए थे और बड़ी बहन कॉलेज गई हुई थी। इसी दौरान सहपाठी देववंश पाठक उसके घर पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी ने छात्रा के साथ मारपीट की और छात्रा के कड़े विरोध के बावजूद चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
बेहोशी की हालत में पकड़ा गया आरोपी
बड़ी बहन के कॉलेज से घर लौटने पर पूरी घटना का खुलासा हुआ। छात्रा का शव खून से लथपथ पड़ा था और पास ही आरोपी देववंश बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चाकू के घाव और चोट की पुष्टि
छात्रा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चाकू के घावों सहित 6 से अधिक गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। मौत का मुख्य कारण गला रेता जाना बताया गया है। डॉक्टरों के पैनल ने आगे की फोरेंसिक जांच के लिए स्लाइड भी तैयार की है।
रंजिश और विवाद की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी देववंश ने बताया कि वह और छात्रा पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और साथ पढ़ाई की थी। कॉलेज में दाखिला लेने के बाद छात्रा ने उससे बात करना कम कर दिया था, जिससे वह बेहद नाराज था। बुधवार को जब उसे पता चला कि छात्रा घर पर अकेली है, तो वह उससे बात करने पहुंचा और विवाद बढ़ने पर हत्या कर दी।






