सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर के हीरालाल नगर स्थित उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में रविवार को उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल और उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने की। इस दौरान दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने व्यापारियों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए संगठन के विस्तार और मजबूती पर विशेष चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि लखनऊ समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में संगठन को और सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी है। साथ ही, व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को बेहतर तरीके से सामने लाने के लिए आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर काम करने की बात कही गई।
ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि करीब एक माह के भीतर कई व्यापारिक संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें व्यापारियों और जनता से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की जाएगी और उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में दोनों संगठनों के बीच आपसी समन्वय और सहमति के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया गया, ताकि संगठन की गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अवधेश सिंह, अतुल सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री सरदार हरजीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल, जिला अध्यक्ष आर्या सिंह, जिला युवा संगठन मंत्री रजत सिंह समेत जाह्नवी शर्मा, शौम्या शर्मा, मधुगिरी सहित दोनों संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





















