परिजनों ने भी बचाने की कोशिश की तो उनसे भी मारपीट, वीडियो वायरल
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज में परिवार न्यायालय परिसर में भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख पर पहुंची एक विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान विवाहिता के पिता और बहन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
विवाहिता ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट करने के साथ गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता की होनी थी गवाही
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा निवासी प्रिया का विवाह बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी युवक से हुआ है। विवाहिता के अनुसार, दहेज उत्पीड़न के मामले में उसने 29 जनवरी को अपने पति और ससुराल पक्ष के चार अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले से जुड़े भरण-पोषण के वाद की सुनवाई परिवार न्यायालय महराजगंज में चल रही है।
पीड़िता के मुताबिक, गुरुवार को इसी मुकदमे की तारीख थी और उसके पिता की गवाही होनी थी। दोपहर करीब दो बजे वह अपनी बहन और पिता के साथ कोर्ट रूम से बाहर निकलकर भूतल स्थित हाल में पहुंची थी।
पीछे से पहुंचे लोगों पर मारपीट का आरोप
विवाहिता का आरोप है कि इसी दौरान तीन लोग पीछे से वहां पहुंचे और एकराय होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई।
विवाहिता के पिता और बहन ने जब उसे बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें जमीन पर गिराकर गला दबाने की कोशिश भी की गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर कचहरी परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
मुकदमे की पैरवी करने पर धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जाते समय आरोपितों ने मुकदमे में पैरवी जारी रखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाहिता ने सदर कोतवाली में तहरीर दी और वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई।
सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है।



















