छठ पर्व पर ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़, शौचालय तक यात्रियों से भरे; दरवाजों और पायदानों पर लटककर सफर करने को मजबूर प्रवासी मजदूर
चंदौली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर घर पहुंचने की चाह में दूसरे प्रदेशों में रोजी-रोटी कमाने वाले प्रवासी कामगारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्योहार नजदीक आते ही बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि जनरल और स्लीपर कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। कई यात्री शौचालयों में बैठकर सफर करने को मजबूर हैं, जबकि कुछ दरवाजों और पायदानों पर लटककर यात्रा कर रहे हैं। घर पहुंचने की जल्दबाजी में लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं।
इसकी बानगी ट्रेन संख्या 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर देखने को मिली। ट्रेन के अंदर की तस्वीरें भीड़ की भयावह स्थिति बयां कर रही थीं। बड़ी संख्या में कामगार शौचालयों के भीतर बैठकर यात्रा करते नजर आए। कोचों में क्षमता से कहीं अधिक भीड़ होने के कारण यात्रियों को किसी तरह सफर पूरा करना पड़ रहा है। रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले कामगार छठ पर्व पर परिवार के बीच पहुंचने के लिए तमाम मुश्किलें उठाने को तैयार हैं।
विशेष ट्रेनों का इंतजाम भी पड़ रहा नाकाफी
छठ पर्व को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की भारी संख्या के आगे ये इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ रही है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के बावजूद लोग किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति यह है कि कई यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। लंबी दूरी की यात्रा में इस तरह की भीड़ यात्रियों की परेशानी और बढ़ा रही है।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ट्रेनों के शौचालयों में यात्रियों का बैठकर सफर करना और दरवाजों पर लटककर यात्रा करना रेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अत्यधिक भीड़ के बीच संतुलन बिगड़ने या किसी यात्री के गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। यात्रियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान रेलवे को संभावित भीड़ के अनुरूप अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने के साथ भीड़ प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए। छठ जैसे आस्था के महापर्व पर घर लौटने की खुशी किसी हादसे में न बदले, इसके लिए रेल प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाने की जरूरत है।





















