बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बैरानामऊ मंझारी गांव में गुरुवार देर रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। करीब 35 वर्षीय युवक संजय को एक विषैले सांप ने लगातार तीन बार डस लिया। इसके बाद भी युवक घबराने के बजाय सांप से भिड़ गया और उसे मार डाला। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक नशे में था। सांप को मारने के बाद वह उसे हाथ में लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा।
जानकारी के अनुसार, रैधरी गांव निवासी राम चंदर के घर सांप निकल आया था। इसी दौरान संजय सांप के पास पहुंच गया, जहां सांप ने उसे तीन बार डस लिया। इसके बाद संजय ने सांप को पकड़कर मार दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, इसके बाद उसका व्यवहार और भी असामान्य हो गया। वह मरे हुए सांप को हाथ में लेकर घूमता रहा और कथित तौर पर उसे मुंह से चबाने की कोशिश भी की। यह देखकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।
सर्पदंश की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह युवक को शांत कराया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और एंटी-वेनम समेत जरूरी दवाएं दीं। समय पर इलाज मिलने के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई। उपचार और चिकित्सकीय निगरानी के बाद उसे घर भेज दिया गया।
घटना के वीडियो और फोटो सामने आने के बाद मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, सर्पदंश को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक हो सकती है। सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते एंटी-वेनम और जरूरी चिकित्सा मिल सके।






















