सरोजनीनगर, लखनऊ। लगातार हो रही बारिश ने सरोजनीनगर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार शाम से नादरगंज और गहरू पावर हाउस से जुड़े कई फीडरों की आपूर्ति ठप रहने से दर्जनों गांवों के लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ा। लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने के बाद परेशानी सिर्फ अंधेरे तक सीमित नहीं रही, बल्कि शिकायत दर्ज कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करना भी मुश्किल रहा।
नादरगंज पावर हाउस से जुड़े बेहटवा, इंडस्ट्रियल एरिया-2, बद्रीनगर, गंगानगर, अमौसी, सरोजनीनगर और एनसीसी समेत करीब आठ फीडरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कुछ फीडर 16 घंटे से अधिक समय तक बंद रहे, जबकि कई इलाकों में करीब 20 घंटे तक बिजली नहीं आई। स्थानीय उपभोक्ताओं के मुताबिक, बिजली कटौती का कारण जानने के लिए जब पावर हाउस और अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
उधर, गहरू पावर हाउस से जुड़े नीवां और बंथरा फीडर भी शुक्रवार शाम करीब छह बजे बंद हो गए। बारिश के दौरान बिजली के खंभे गिरने से नीवां फीडर की आपूर्ति बाधित हुई, जबकि रामचौरा के पास सागौन का पेड़ गिरने से बंथरा फीडर की लाइन प्रभावित हुई। बंथरा, गुलाबखेड़ा, टूड़ीखेड़ा, नीवां, चनखरा, दुदैया खेड़ा, हमीरपुर, अम्बरपुर, उमेदखेड़ा और लालाखेड़ा समेत कई गांवों में करीब 18 घंटे तक बिजली संकट बना रहा।
बिजली न आने का सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ा। घरों में लगे समरसेबल पंप बंद होने से पेयजल का संकट खड़ा हो गया और लोगों को दूर स्थित हैंडपंपों से पानी ढोकर लाना पड़ा। कई परिवारों को खाना बनाने तक में परेशानी उठानी पड़ी। गहरू पावर हाउस के जेई अमित उपाध्याय ने बताया कि नीवां फीडर के बिजली के खंभे गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी। वहीं रामचौरा के पास पेड़ गिरने से बंथरा फीडर की लाइन प्रभावित हुई। कर्मचारियों ने मरम्मत का काम कर दोनों जगहों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।




















