जनपद श्रावस्ती को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। ऑपरेशन रक्षा के तहत 6 अगस्त को जिलाधिकारी श्रीमती अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी के निर्देशन में जमुनहा क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकेश सिंह ने की। अभियान के दौरान जमुनहा बाजार, मल्हीपुर चौराहा और कानूबोझी चौराहा समेत प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर 14 वर्ष से कम उम्र के पांच बच्चे काम करते पाए गए। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में बाल एवं किशोर श्रम कानून के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।
अभियान का संचालन बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 में किए गए संशोधनों के तहत नामित निरीक्षक एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री दिग्विजय सिंह तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) थाना प्रभारी श्री लाल साहब सिंह ने किया।
दुकानदारों को दी गई कानूनी जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही दुकानों और अन्य व्यावसायिक स्थानों पर **’बाल श्रम कराना दंडनीय अपराध है’** संदेश वाले जागरूकता स्टिकर लगाए गए। अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों को बाल श्रम के कारण बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले असर के बारे में भी जागरूक किया। बच्चों के शिक्षा, संरक्षण और सुरक्षित बचपन के अधिकारों को लेकर लोगों से सहयोग की अपील की गई।
दिसंबर तक बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री दिग्विजय सिंह ने प्रतिष्ठान संचालकों और सेवायोजकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों से काम न कराया जाए। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती को दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के अभियान में प्रशासन के साथ सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। इस संयुक्त अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) पुलिस इकाई, महिला कल्याण विभाग, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA), देहात इंडिया, विज्ञान फाउंडेशन समेत विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: मनीष श्रीवास्तव






