जिले में बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की शुरुआत की गई। विकासखंड हरिहरपुररानी के प्राथमिक विद्यालय सिसवा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने बच्चों को स्वयं एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई।
1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को दी जाएगी दवा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत जिले के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को निशुल्क एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर बच्चों तक पहुंचेंगी। स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के अलावा जरूरत के अनुसार घर-घर संपर्क कर भी बच्चों को दवा खिलाई जाएगी।
कृमि संक्रमण से प्रभावित होता है बच्चों का स्वास्थ्य
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि बच्चों में कृमि संक्रमण का असर उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर पड़ सकता है। संक्रमण के कारण कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ स्कूल में उनकी अनुपस्थिति भी बढ़ सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ चलाया जाए और छूटे हुए बच्चों को भी दवा उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए।
14 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस
अभियान के दौरान यदि कोई बच्चा किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा लेने से रह जाता है, तो उसे 14 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अभियान के तहत जिले के सभी पात्र बच्चों तक कृमिनाशक दवा पहुंचाना है।
दवा के बाद हो सकते हैं हल्के दुष्प्रभाव
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके वर्मा ने बताया कि एल्बेंडाजोल की दवा लेने के बाद कुछ बच्चों में मामूली और अस्थायी दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इनमें जी मिचलाना, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और थकान जैसी शिकायतें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर ये लक्षण थोड़े समय में ठीक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को हल्की परेशानी महसूस हो तो उसे खुली और हवादार जगह पर आराम कराएं और साफ पानी पिलाएं।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार, डीईआईसी मैनेजर प्रतीक शाक्य, बबीता बाजपेयी, डीपीएम मनीष, आरबीएसके टीम के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Report: मनीष श्रीवास्तव






