श्रावस्ती। संयुक्त जिला चिकित्सालय में बेटियों के जन्म पर खुशी और सम्मान का माहौल देखने को मिला। जिला अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अस्पताल पहुंचकर नवजात बच्चियों का स्वागत किया और उनकी माताओं को मिठाई एवं बेबी किट वितरित कर शुभकामनाएं दीं।
डीएम ने नवजात बेटियों के परिजनों से संवाद करते हुए कहा कि बेटियां समाज और परिवार की अनमोल धरोहर हैं। उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के साथ-साथ उनकी शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
इस दौरान महिलाओं एवं परिजनों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योजना के माध्यम से बेटियों को मिलने वाले लाभ और पात्रता के संबंध में भी जागरूक किया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इसका लाभ उठा सकें।
अस्पताल परिसर में महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा प्रशासन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। महिलाओं से अपील की गई कि वे बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें तथा बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
नवजात बच्चियों के स्वागत और माताओं को सम्मानित किए जाने से अस्पताल में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश देना और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना को और मजबूत करना रहा।






















