सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा में रविवार शाम वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एचपी पेट्रोल पंप के पास एक बल्कर ने साइकिल सवार तीन किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ साइकिल पर सवार दो अन्य किशोर मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब चार बजे तेलगुड़वा तिराहे से तीन किशोर साइकिल से डाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से हाथीनाला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर ने साइकिल में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बल्कर एक किशोर को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में शिव मंगल (12) पुत्र रामलाल, निवासी झपरहवा अगरिया बस्ती, की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि हादसे के समय शिव मंगल के साथ आशीष कुमार पुत्र नंदलाल और रूपेश कुमार पुत्र गुड्डू भी साइकिल पर थे। दोनों किशोर हादसे में बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद बल्कर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से पुलिस ने बल्कर को पकड़ लिया और उसे कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया।
सूचना मिलते ही चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ ही बल्कर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।






