मिठाइयां और उपहार पाकर खिले चेहरे
पुलिस लाइन में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, बच्चों को बांटी गईं फुलझड़ियां और ग्रीन पटाखे
चंदौली। दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस परिवार के बच्चों के साथ खुशियां साझा कर त्योहार को यादगार बनाया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में उन्होंने पुलिसकर्मियों के बच्चों को मिठाइयां, उपहार, फुलझड़ियां और ग्रीन पटाखे वितरित किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। एसपी के हाथों मिठाइयां और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। फुलझड़ियां और ग्रीन पटाखे मिलने से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। पुलिस अधीक्षक की इस आत्मीय पहल ने पुलिस परिवार के बच्चों की दीपावली की खुशियों को दोगुना कर दिया। इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ अपनत्व और सहयोग की भावना को भी मजबूती मिली।





















