मोहनलालगंज। लखनऊ से गुजरने वाली सई नदी में मंगलवार शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन लोग लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची और नदी में लापता लोगों की तलाश शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी में गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
हादसे के बाद लापता लोगों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि लापता तीन लोगों में दो की पत्नियां गर्भवती हैं। वहीं, एक युवक की शादी करीब दो वर्ष पहले ही हुई थी। परिजन नदी किनारे अपनों के सकुशल वापस मिलने की आस लगाए हुए हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश तेज कर दी है। अंधेरा होने और नदी के बहाव के कारण बचाव दल को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों की निगरानी में तलाश अभियान जारी है।





















