खैराबाद से निकला परंपरागत ताजिया जुलूस
सीनाजनी और नोहाख्वानी के बीच कर्बला घासीगंज की ओर बढ़ा जुलूस, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
सुल्तानपुर। जिले में मोहर्रम का पर्व श्रद्धा, अकीदत और गमगीन माहौल के बीच मनाया जा रहा है। 10वीं मोहर्रम के अवसर पर खैराबाद क्षेत्र से परंपरागत ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग शामिल हुए।
जुलूस के दौरान अकीदतमंद सीनाजनी और नोहाख्वानी करते हुए ताजियों के साथ आगे बढ़ते रहे। या हुसैन की सदाओं और मातमी धुनों के बीच माहौल गमगीन बना रहा। श्रद्धालुओं ने इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए मातम किया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर जुलूस के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। इंस्पेक्टर आलोक धीमान, उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर तैनात रहे और व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
शिया समुदाय का यह पारंपरिक जुलूस अन्नू चौराहा, बांध मंडी चौराहा और दरियापुर तिराहा होते हुए कर्बला घासीगंज पहुंचकर संपन्न होगा। प्रशासन द्वारा जुलूस मार्ग पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है, ताकि मोहर्रम का पर्व पूरी शांति, सौहार्द और परंपरागत गरिमा के साथ संपन्न हो सके।








