सरोजनीनगर, लखनऊ। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मुंशी खेड़ा में प्रेम रामलीला समिति की ओर से आयोजित 59वें भव्य संगीतमय रामलीला महोत्सव का शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समिति के मुख्य संरक्षक हरिश्चन्द्र यादव (बाबा) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में समिति के अध्यक्ष गुलशन लाल गहरवार (गुरु जी), महामंत्री प्रमोद यादव (एडवोकेट) और कोषाध्यक्ष शिव कुमार ‘मधुर’ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। धार्मिक माहौल के बीच रामलीला मंचन शुरू हुआ तो दर्शकों में उत्साह देखने को मिला।
पहले दिन कलाकारों ने राजा दशरथ के दरबार, प्रभु श्रीराम के जन्म, गुरु वशिष्ठ द्वारा नामकरण और ताड़का-सुबाहु वध जैसे प्रसंगों का सजीव मंचन किया। इसके साथ ही सीता स्वयंवर में रखी गई प्रतिज्ञा का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। राम जन्मोत्सव के दौरान पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। बाल कलाकारों ने राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के रूप में मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
समिति के अनुसार, 24 अक्टूबर को होने वाली रामलीला में राजा जनक के दरबार से जुड़े प्रसंगों के साथ लक्ष्मण-परशुराम संवाद और माता सीता की विदाई तक के दृश्यों का मंचन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।





















