मैनेजर, कैशियर समेत कर्मचारियों पर एफआईआर
उन्नाव। गदनखेड़ा बाईपास स्थित एक कार शोरूम में वाहन की डिलीवरी लेने पहुंचे ग्राहक के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस ने मैनेजर, कैशियर समेत अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज कस्बा निवासी शिवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने महिंद्रा कंपनी की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां खरीदी थीं। इनमें से एक वाहन सर्विस और मरम्मत के लिए शोरूम में दिया गया था। छह जुलाई को वाहन तैयार होने का संदेश मिलने पर उन्होंने शोरूम के मैनेजर से बात की, जिन्होंने शाम छह बजे तक वाहन लेने के लिए बुलाया।
शिकायत के अनुसार, शिवेंद्र सिंह अपने भाई के साथ सर्विस सेंटर पहुंचे, लेकिन उन्हें करीब दो घंटे तक इंतजार कराया गया। बार-बार पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि गाड़ी की चाबी नहीं मिल रही है। बाद में वाहन की बैटरी डिस्चार्ज और टायरों में हवा कम होने की बात सामने आई।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो कर्मचारियों ने अगले दिन आने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कैशियर और अन्य कर्मचारियों ने गाली-गलौज की, जिसके बाद मैनेजर विशाल, प्रशांत तथा अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मैनेजर, कैशियर और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








