Neeraj Yadav Para Athlete: भारतीय पैरा खेलों से एक दुखद खबर सामने आई है। देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके पैरा एथलीट नीरज यादव का 42 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्टों में उनकी मौत की वजह कथित आत्महत्या बताई जा रही है। नीरज के जाने की खबर से खेल जगत में शोक का माहौल है। वह इस महीने हुए एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे। बताया जा रहा है कि डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण उन पर प्रतिबंध लगा था। हालांकि, उनकी मौत के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
दिल्ली में कराया जा रहा था पोस्टमार्टम
भारतीय पैरा एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस. सत्यनारायण ने नीरज यादव के निधन की पुष्टि की है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नीरज ने कथित तौर पर अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। 28 अक्टूबर को दिल्ली के एक अस्पताल में उनके शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। नीरज की मौत पर दुख जताते हुए कोच ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस कदम के पीछे की सटीक वजह के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। उनका कहना था कि खेल के दौरान खिलाड़ियों को कई तरह की मुश्किलों और उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ता है। ऐसे समय में धैर्य बनाए रखना जरूरी होता है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मामले से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर अभी और जानकारी सामने आनी बाकी है। डोपिंग प्रतिबंध और प्रतियोगिता से बाहर रहने की बात सामने आई है, लेकिन इन घटनाओं का उनकी मौत से कोई सीधा संबंध था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
एशियन पैरा गेम्स में देश को दिलाए थे तीन स्वर्ण पदक
नीरज यादव ने अपने खेल प्रदर्शन से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी। साल 2018 में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हुए एशियन पैरा गेम्स में उन्होंने भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके बाद चीन के हांगझोऊ में 2023 में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। इस प्रतियोगिता में नीरज ने भाला फेंक और चक्का फेंक, दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीते। इस तरह उनके नाम एशियन पैरा गेम्स के कुल तीन स्वर्ण पदक दर्ज हुए। नीरज F55 कैटेगरी में मुकाबला करते थे। यह वर्ग उन खिलाड़ियों के लिए है, जो बैठकर फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हैं। इसमें भाला फेंक, चक्का फेंक और गोला फेंक जैसे खेल शामिल हैं। देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाले नीरज का निधन भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए बड़ी क्षति है। उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।




















