खेत देखने गया था; बिजली के पोल में उतर रहा था करंट
महुली/संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के निखरकपार गांव में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निखरकपार गांव निवासी विनोद पुत्र सिद्धनाथ ने बताया कि उनका छोटा भाई मुकेश (22) शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे घर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित अपने खेत को देखने गया था। इसी दौरान खेत में लगे बिजली के पोल में करंट उतर आया था।
बताया गया कि मुकेश जैसे ही पोल के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








