रील बनाने को लेकर डांट के बाद नहर में कूदने की आशंका
नियामताबाद (चंदौली)। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना नई बस्ती के समीप बड़ी गंगा नहर में बुधवार को एक किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा रोड निवासी खुशबू (15) के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के कौवासात स्थित अपने ननिहाल गई थी। बताया जा रहा है कि रील बनाने को लेकर मां ने उसे डांट दिया था। इसके बाद वह सोमवार की दोपहर मठना गांव के समीप गंगा नहर में कूद गई थी। घटना के संबंध में अदलहाट थाने प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि गंगा नहर के तेज बहाव के कारण किशोरी का शव बहकर गोधना नई बस्ती तक पहुंच गया। अलीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के नहर में कूदने की सूचना सोमवार को मिली थी। मामले में संबंधित थाने से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







