तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण
मथुरा। जनपद के राया थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने स्वयं उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल आठ शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसपी ग्रामीण ने दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। वहीं, शेष पांच शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है।
इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था बनी रहे।








