कमल मिश्रा दरियाबाद बाराबंकी
बाराबंकी (दरियाबाद)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को दरियाबाद स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह तथा प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आकाशदीप बधावन ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का संदेश भी देता है। उन्होंने लोगों से अपने गांव जाकर अपनी मां अथवा माता-पिता की स्मृति में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने में वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों की पूजा की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई रोकना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि वृक्षों के बिना जीवन और विकास दोनों अधूरे हैं।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि इस संसार में मां और वृक्ष दोनों जीवनदायिनी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ने सदियों पहले ही वृक्षों के महत्व को स्वीकार किया था। वृक्ष केवल देते हैं, बदले में कुछ नहीं लेते। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से हर वर्ष अपनी मां के नाम कम से कम दस पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले कई पर्यावरण प्रेमियों को पौधे वितरित कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह भुल्लन वर्मा, उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग सिंह, बीडीओ संस्कृता मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवानंद पांडे, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत प्रताप सिंह, मुलायम सिंह यादव, संदीप त्रिपाठी, बाबा अनुज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पर्यावरण प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








