दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अयोध्या। गीता राज महल के महंत श्याम बिहारी दास महाराज ने राम मंदिर में सामने आए कथित चोरी के मामले पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय बताया है। उन्होंने सरकार से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
महंत श्याम बिहारी दास ने जारी लिखित वक्तव्य में कहा कि प्रभु श्रीराम का मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष, संतों और भक्तों के बलिदान तथा देशवासियों की अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर की आधारशिला से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक की यात्रा पूरे देश के लिए गौरव का विषय रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण मंदिर में चोरी जैसी घटना हुई है, तो इससे न केवल राम मंदिर बल्कि अयोध्या की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है। ऐसी घटनाएं श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करती हैं और देश-विदेश में गलत संदेश जाता है।
महंत ने प्रभु श्रीराम से दोषियों को कठोर दंड मिलने की प्रार्थना करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों की हैसियत चाहे जो भी हो, उनके विरुद्ध निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि करोड़ों रामभक्तों का विश्वास और मंदिर की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।








