शनि जात की तैयारियों का निरीक्षण
एटा/जलेसर। जिलाधिकारी अरविंद सिंह और एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करने के बाद नगर के मोहल्ला छत्ता स्थित छोटी शनि जात और बड़ी शनि जात का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आगामी शनि जात को लेकर तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम पियूष रावत और सीओ ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, ठहरने की व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए दूसरे शनिवार से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
एसएसपी डॉ. इलामारन ने कहा कि आगामी शनि जात में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शनि जात कार्यक्रम शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।
इस दौरान एसडीएम पियूष रावत, सीओ ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, ईओ प्रद्युम्न कुमार, प्रभारी निरीक्षक संजय राघव सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।








