3.56 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
सुलतानपुर। जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ किया गया। जिला महिला चिकित्सालय स्थित पोलियो बूथ पर मुख्य विकास अधिकारी विनय सिंह ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 3,56,642 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस बीमारी से असुरक्षित न रहे और पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य साकार हो सके।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि छह दिवसीय अभियान के लिए जनपद में 1,116 पोलियो बूथ, 758 घर-घर भ्रमण टीमें, 35 ट्रांजिट टीमें तथा 28 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। जो बच्चे बूथ दिवस पर पोलियो की खुराक नहीं ले पाएंगे, उन्हें 29 जून से घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद भी यदि कोई बच्चा छूट जाता है तो 6 जुलाई को विशेष अभियान चलाकर उसे पोलियो की खुराक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुलतानपुर में पोलियो का अंतिम मामला वर्ष 2008 में अखंडनगर क्षेत्र में सामने आया था, जबकि उत्तर प्रदेश में अंतिम पोलियो केस वर्ष 2010 में फिरोजाबाद में दर्ज हुआ था। इसी उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सर्विलांस टीमों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इससे पहले शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी विनय सिंह ने कलेक्ट्रेट से तिकोनिया पार्क तक निकाली गई पल्स पोलियो जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, एनएचएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में आरएफपीटीसी अयोध्या के प्राचार्य डॉ. रामकिशोर, राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रियंक वर्मा, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आर.के. यादव, समाजसेवी एवं शिक्षिका अनुपम शुक्ला सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से “दो बूंद जिंदगी की” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।








