सुल्तानपुर। जनपद सुल्तानपुर के कुड़वार विकासखंड स्थित ग्राम देवलपुर के मूल निवासी एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में शासकीय अधिवक्ता डॉ. विजय कुमार सिंह (डॉ. वी.के. सिंह) विधि, न्याय और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। अपनी न्यायप्रिय कार्यशैली, विधिक ज्ञान और सामाजिक सरोकारों के कारण वे अधिवक्ता समाज में सम्मानित स्थान रखते हैं।
डॉ. विजय कुमार सिंह ऐसे परिवार से आते हैं, जिसकी पृष्ठभूमि राष्ट्रसेवा और सामाजिक मूल्यों से जुड़ी रही है। उनके पिता और बाबा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे तथा स्वतंत्रता आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। इन्हीं संस्कारों से प्रेरित होकर उन्होंने न्याय और समाज सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में शासकीय अधिवक्ता के रूप में वे आपराधिक, दीवानी, संवैधानिक, जनहित और दुर्घटना दावा (मोटर दुर्घटना क्लेम) सहित अनेक महत्वपूर्ण मामलों में सरकार की ओर से प्रभावी पैरवी करते हैं। कानून पर उनकी गहरी पकड़ और तार्किक प्रस्तुति के कारण उन्हें विधि जगत में विशेष सम्मान प्राप्त है।
व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद डॉ. सिंह अपनी जन्मभूमि से गहरा जुड़ाव बनाए हुए हैं। प्रत्येक सप्ताहांत वह अपने पैतृक गांव देवलपुर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करते हैं और गांव के विकास, सामाजिक समरसता तथा युवाओं के मार्गदर्शन के लिए सक्रिय रहते हैं। वे बेरोजगार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करते हैं।
उनका पारिवारिक जीवन भी प्रेरणादायी माना जाता है। उनकी पत्नी भी इलाहाबाद उच्च न्यायालय, लखनऊ में अधिवक्ता हैं। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनकी दोनों पुत्रियों ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आईएससी बोर्ड परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर परिवार, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया।
डॉ. विजय कुमार सिंह का व्यक्तित्व ज्ञान, ईमानदारी, न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और समाज सेवा का समन्वित उदाहरण माना जाता है। विधि और सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान अनेक युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।








