एटा/अलीगंज। विकास खंड अलीगंज कार्यालय सभागार में मंगलवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शिव शंकर शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके आवेदन समय से पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
फार्मर आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति, निर्माण कार्य की स्थिति और लाभार्थियों को समय पर किस्त उपलब्ध कराने से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। बीडीओ ने निर्माणाधीन आवासों का नियमित निरीक्षण करने और कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान गांवों में साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी ग्राम पंचायत सचिवों को दिए गए।
बैठक के अंत में बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी सचिव नियमित रूप से अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों का भ्रमण करें, योजनाओं की प्रगति का सत्यापन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।








