Unnao News: अजगैन कोतवाली क्षेत्र के हिंदूखेड़ा गांव में महिला को ससुराल वाले बेहोशी की हालत में सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर गांव पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव निवासी शिव कुमार की बेटी सोनम (27) की शादी तीन साल पहले हिंदूखेड़ा निवासी देवराम के साथ हुई थी। शुक्रवार को सोनम घर में संदिग्ध हालात में बेहोश मिली। घर वालों ने इसकी सूचना पति देवराम को दी और सोनम को लेकर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सोनम के पिता शिव कुमार और मां राजकुमारी ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। कहा कि सोनम ने दोपहर 12 बजे फोन पर पति द्वारा पीटने की जानकारी दी थी। कुछ देर में ही मायके से अन्य लोग भी गांव पहुंच गए। बेटी का शव देख परिजन का गुस्सा फूट पड़ा और दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया अजगैन कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








