औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र में चचेरी बहन की शादी में शामिल होकर ई-रिक्शा से घर लौट रही एक महिला के पर्स से टप्पेबाजों ने करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण पार कर दिए। घर पहुंचकर पर्स में जेवर गायब देख महिला के होश उड़ गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेला निवासी कंचन, पत्नी आशुतोष शुक्ला, सोमवार को बिधूना क्षेत्र के गांव रुरुकला निवासी संजीव कुमार की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। शादी समारोह के बाद वह ई-रिक्शा से रुरुकला की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात महिलाएं भी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।
पीड़िता के अनुसार, रुरुगंज के पास उन महिलाओं ने उनसे कहा कि उनका पर्स खुला हुआ है। इस पर उन्होंने पर्स का लॉक बंद कर लिया। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं रुरुगंज में उतर गईं और अपने रास्ते चली गईं।
घर पहुंचने पर जब कंचन ने पर्स खोला तो उसमें रखे सभी सोने के आभूषण गायब मिले। यह देखकर वह स्तब्ध रह गईं और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पीड़िता ने बताया कि पर्स में एक सोने का हार, एक ब्रेसलेट, एक मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ियां, चार महिलाओं की सोने की अंगूठियां, दो सोने की चेन और एक पुरुष की सोने की अंगूठी रखी थी। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी वीनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।








