ट्यूबवेल पर पानी लगाने गया था युवक, मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर; छह लोगों पर तहरीर
अयोध्या ! हैदरगंज थाना क्षेत्र के परसपुर हाथिगौ गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक का प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक के नाना बलराम तिवारी ने बताया कि सोमवार देर रात उनका पुत्र अनुरुद्ध तिवारी और 35 वर्षीय नाती शुभम तिवारी गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत में ट्यूबवेल से सिंचाई के लिए पानी खोलने गए थे। ट्यूबवेल चालू करने के बाद शुभम अकेले खेत की ओर बढ़ा। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के उपदेश तिवारी, मथुरा तिवारी और विनोद तिवारी सहित अन्य लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली शुभम के बाएं हाथ को चीरते हुए निकल गई।गोली चलने की आवाज सुनकर अनुरुद्ध मौके पर पहुंचे तो हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजन घायल को लेकर हैदरगंज थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रौनाही (रामवाकला) भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने पहले दर्शननगर मेडिकल कॉलेज और फिर मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद के पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।








