बाराबंकी। जिले के बीकर गांव में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटने से 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी मामूली रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान रवी (17) पुत्र प्रेम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवी अपने 17 वर्षीय नाबालिग साथी के साथ ट्रैक्टर लेकर धान की खेती के लिए खेत की जुताई करने गया था। जुताई के बाद जब वह ट्रैक्टर को खेत से बाहर निकाल रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रवी ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में उसके साथ मौजूद दूसरा किशोर मामूली रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही देवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
खेत की जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत









