CCTV में कैद हुआ हंगामा
बिजली खर्च को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंचा, प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार
बाराबंकी। तहसील रामनगर में गुरुवार को तहसीलदार के पेशकार आशुतोष सिंह और नाजिर अरविंद शुक्ला के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पूरा घटनाक्रम तहसील परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने भी घटना का वीडियो बना लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान पेशकार आशुतोष सिंह ने बाहर से कुछ लोगों को बुला लिया। आरोप है कि उन लोगों के साथ मिलकर नाजिर अरविंद शुक्ला को तहसीलदार न्यायालय कक्ष से खींचकर बाहर लाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद तहसील के बरामदे में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की, खींचतान और हंगामा चलता रहा।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारियों के बीच पिछले दो-तीन दिनों से कार्यालय में अनावश्यक बिजली खर्च रोकने को लेकर कहासुनी चल रही थी। गुरुवार को यही विवाद अचानक उग्र हो गया और हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना के बाद तहसील परिसर में कर्मचारियों के बीच पूरे मामले को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने या प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।








