सैकड़ों गौभक्तों ने राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
गौ संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने की मांग, गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण और गौसेवा को बढ़ावा देने पर दिया जोर
संतकबीरनगर। गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एकत्र हुए। ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर गौवंश की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन में निराश्रित गौवंश के संरक्षण, गौशालाओं के बेहतर संचालन, गौहत्या पर प्रभावी नियंत्रण, गौसेवा को प्रोत्साहन तथा प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौ आधारित व्यवस्था को मजबूत करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि गौवंश केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण किसी एक संगठन या समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गौसेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए गांव-गांव और घर-घर तक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित उच्च अधिकारियों एवं संवैधानिक पदाधिकारियों तक भेजा जाएगा, ताकि उस पर आवश्यक स्तर पर विचार किया जा सके।
इस अवसर पर दिनेश चतुर्वेदी, चंद्रकेश उपाध्याय, संजय चौहान, धर्मेंद्र मिश्र, राकेश शर्मा, जय हिंद प्रजापति, रविंद्र सिंह, शिव बहादुर सिंह, वृजनंदन मिश्रा, शिखा अग्रहरि, सुमन ठाकुर, सुरेश चौधरी, रामचंद्र पांडेय, विनोद कन्नौजिया, अजय मिश्र, चिंतामणि मिश्र, वीरेंद्र कन्नौजिया, रवि उपाध्याय, राम प्रवेश शुक्ल, गुड़िया, संजय निषाद, पंकज श्रीवास्तव, नितिन मिश्र, सौरभ जायसवाल, आशीष मिश्रा, अर्जुन विश्वकर्मा, रामधनी, जगराम चौधरी, जितेंद्र, मनोज सहित सैकड़ों गौभक्त और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि गौ संरक्षण, गौसंवर्धन और गौ सम्मान का जनजागरण अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।







