, नेपाल सीमा पर पुलिस हाई अलर्ट
30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन व CCTV से होगी निगरानी
महराजगंज। 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर महराजगंज पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पूरी कर ली है। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
श्रावण मास के दौरान थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर और कोतवाली क्षेत्र के प्राचीन कटहरा शिव मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर में उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल से भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आते हैं। प्रत्येक सोमवार और श्रावण शिवरात्रि पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में मंदिर परिसरों, कांवड़ मार्गों, मेला क्षेत्रों, बाजारों, पार्किंग स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 11 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 35 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 44 मुख्य आरक्षी, 141 आरक्षी, 45 महिला आरक्षी, 15 यातायात पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी, दो एफटी और एक एपी गार्ड की तैनाती की गई है।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाए गए हैं। मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग और मेला क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से रियल टाइम की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करेंगे।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यूपी-112 और स्थानीय पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है तथा रिस्पांस टाइम की नियमित निगरानी होगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन जांच के साथ अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के लिए मीडिया सेल को सक्रिय रखा गया है। रेलवे, स्वास्थ्य, नगर निकाय, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों के साथ समन्वय कर पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर परिसरों में एंटी-सैबोटाज चेकिंग, होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट का प्रदर्शन और ओवरचार्जिंग रोकने के लिए संयुक्त अभियान भी चलाया जाएगा।
आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, एम्बुलेंस, क्रेन और अन्य आपातकालीन संसाधनों की व्यवस्था की गई है। नेपाल सीमा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का पालन करने, सुरक्षित यात्रा करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिसकर्मी को देने की अपील की है।







