हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
जैंत थाना क्षेत्र की घटना, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मथुरा। मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला का गला कटा शव उसके घर के ऊपरी कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान विजय, पत्नी राजपाल, के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला और महिला की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर पड़ोसियों को संदेह हुआ।
बताया जा रहा है कि घर के सभी मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे। ऊपरी कमरे का मुख्य दरवाजा भी अंदर से कुंडी लगा हुआ था, जबकि कमरे का एक छोटा दरवाजा खुला मिला। इसके बाद पड़ोसी दूसरी छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे, जहां महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। उसके गले पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बह चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ वृंदावन और थानाध्यक्ष जैंत सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कराया गया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का पति और दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय महिला घर में अकेली थी या कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और हत्या या आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।







