एक ही गैंग ने की थी हत्या, डाकघर चोरी और बैंक सेंधमारी
400 CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और फुटमार्क बने अहम सुराग; दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में
हाथरस। हाथरस पुलिस ने सहपऊ क्षेत्र में हुई तीन चर्चित वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हनुमान टीला मंदिर के पुजारी की हत्या, डाकघर से स्वैप मशीन चोरी और कैनरा बैंक में सेंधमारी की तीनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम, सर्विलांस और थाना सहपऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। जांच के दौरान करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल डेटा, सर्विलांस, ग्राउंड इंटेलिजेंस और घटनास्थल से मिले विशेष फुटमार्क का विश्लेषण किया गया, जिसने आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंदिर में चोरी के इरादे से पहुंचे, पहचान होने पर की हत्या
पुलिस के अनुसार, 7/8 जून 2026 की रात सहपऊ स्थित हनुमान टीला मंदिर में सेवा-पूजा कर रहे दिलीप कुमार उर्फ चंदो बाबा की सरिया और ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भागवत कथा से पहले मंदिर में चढ़ावे की नकदी रखी गई है। चोरी के इरादे से मंदिर पहुंचे, लेकिन बाबा के जाग जाने और पहचान लेने पर उनकी हत्या कर दी। हालांकि, मंदिर से उन्हें कोई नकदी नहीं मिली।
डाकघर से स्वैप मशीन और बैंक में सेंधमारी
पुलिस के अनुसार, पहली वारदात में कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलने के बाद आरोपियों ने 19/20 जुलाई की रात सहपऊ डाकघर से एसबीआई की स्वैप मशीन चोरी कर ली। मशीन से नकदी नहीं निकलने पर उसे तोड़कर उसके पार्ट्स अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए।
इसके बाद 22/23 जुलाई की रात आरोपियों ने सहपऊ स्थित कैनरा बैंक की दीवार तोड़कर सेंध लगाई, लेकिन वहां भी उन्हें नकदी नहीं मिली और वे फरार हो गए।
हत्या में प्रयुक्त सरिया और स्वैप मशीन के पार्ट्स बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सरिया, ईंट तथा चोरी की गई स्वैप मशीन के विभिन्न पार्ट्स बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन कुमार और सनी उर्फ धांसू, निवासी सहपऊ, के रूप में हुई है। इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनकी संलिप्तता अन्य आपराधिक घटनाओं में भी रही है या नहीं। तीनों मामलों में विधिक कार्रवाई जारी है।







