जान से मारने की धमकी का आरोप; मुकदमा दर्ज
लखनऊ (सरोजनीनगर)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के बेहसा, अमौसी एयरपोर्ट निवासी सागर मौर्य ने गांव के शब्बीर कुरेशी उर्फ मुन्ना, कफील अहमद, सिफ्तीन समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे गांव के कुछ लोग उसके घर के पास आपस में झगड़ा कर रहे थे। शोर-शराबा करने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ भी हाथापाई की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गांव के बाहर मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
सरोजनीनगर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।







