लखनऊ (सरोजनीनगर)। सरोजनीनगर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक बुजुर्ग महिला ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन हड़पने का आरोप लगाया, जबकि एक अधिवक्ता ने नायब तहसीलदार पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
बिजनौर थाना क्षेत्र के गढ़ी मवैया निवासी बिटाना देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके जीवित रहते हुए उनके बड़े बेटे ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर जमीन अपने नाम दर्ज करा ली और बाद में उसे अपनी पत्नी के नाम स्थानांतरित कर दिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
वहीं अधिवक्ता विनय कुमार दुबे ने नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार शर्मा पर न्यायालयीन कार्यवाही में अनियमितता, अवैध धन उगाही और दस्तावेजों में छेड़छाड़ के आरोप लगाए तथा पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने बिजनौर-सिसेंडी मार्ग की जर्जर स्थिति की शिकायत करते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।






