प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
रेलवे पुल के नीचे मार्ग बंद होने से भड़के ग्रामीण, महिलाओं ने भी संभाला मोर्चा; आरएलडी नेता विजय यादव ने दी जेल भरो आंदोलन की चेतावनी।
गोरखपुर।
गोरखपुर के डोमिनगढ़ क्षेत्र में शनिवार को रेलवे प्रशासन द्वारा लोहे के रेलवे पुल के नीचे स्थित आवागमन मार्ग बंद किए जाने के विरोध में 52 गांवों के ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी में ग्रामीणों ने डोमिनगढ़-राप्ती नदी पुल मार्ग पर चक्का जाम कर रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मार्ग को तत्काल खोलने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से वार्ता की।
ग्रामीणों का कहना था कि रेलवे पुल के नीचे का यह रास्ता वर्षों से आसपास के 52 गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग रहा है। इस मार्ग के बंद होने से किसानों, छात्रों, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी बढ़ेगी।
प्रदर्शन में शामिल राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रदेश महासचिव विजय यादव ने कहा कि यदि यह रास्ता बंद किया गया तो ग्रामीण ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर इस मार्ग को स्थायी रूप से बंद नहीं होने दिया जाएगा।
मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और रेलवे प्रशासन से वार्ता कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।







