औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र की ईटैली चौकी के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 277.9 पर हुआ। दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल आठ वर्षीय बच्ची का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार (यूपी 75 एए 0023) में पांच लोग सवार थे। सभी झांसी से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मोहम्मद जमाल (50) और शकीला बानो (62) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद फिरोज (45), रेहाना बानो (45) और आठ वर्षीय ताहिरा बानो गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मोहम्मद फिरोज और रेहाना बानो ने भी दम तोड़ दिया। वहीं आठ वर्षीय ताहिरा बानो का उपचार जारी है। सभी मृतक और घायल झांसी के उन्नाव गेट चौकी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, यूपीडा के अधिकारी, कुदरकोट थाना प्रभारी और ईटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मोहम्मद जमाल और शकीला बानो को मृत घोषित कर दिया था। उपचार के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई। यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस कारण से खड़ा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।






