औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के फतेहपुर लखमी गांव में शुक्रवार देर रात एक किसान की मौत का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि किसान नशे की हालत में घर पहुंचा था, जिसके बाद परिजनों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद उसने घर के बाहर पेड़ पर फंदा लगा लिया। परिजनों की नजर पड़ने पर उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
फतेहपुर लखमी निवासी अरविंद कुमार परिहार (50) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात वह नशे की हालत में घर पहुंचे। इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से उनका विवाद हो गया। कुछ देर बाद वह घर के बाहर चले गए। रात करीब 12 बजे परिजनों की नजर घर के बाहर पेड़ पर पड़ी, जहां अरविंद फंदे पर मिले। परिजनों ने उन्हें तत्काल नीचे उतारा और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अरविंद अपने पीछे पत्नी ललिता देवी, चार पुत्रों अनुराग (23), हिमांशु (15), अतुल (12) और अखिलेश (10) तथा पुत्री शिवानी को छोड़ गए हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






