लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सदर विधायक योगेश वर्मा देर रात करीब एक बजे अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। विधायक के औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात कुछ स्वास्थ्यकर्मी मौके से नदारद मिले। अस्पताल में स्टाफ की गैरमौजूदगी और अव्यवस्थाओं को देखकर विधायक नाराज हो गए।
बताया गया कि विधायक ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों से भी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में कई स्वास्थ्य सुविधाएं भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलीं। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से जब विधायक ने स्टाफ की अनुपस्थिति और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
विधायक ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि स्टाफ ने विधायक से ठीक तरह से बात नहीं की। इस पर विधायक योगेश वर्मा का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
रात के समय विधायक के अचानक जिला अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। विधायक ने कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही।
विधायक के औचक निरीक्षण के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।






















