बहराइच। कोतवाली देहात क्षेत्र के रायपुर राजा इलाके में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंडरग्राउंड बिजली के तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के बांका जिले का निवासी मुनाजिर (26) अन्य श्रमिकों के साथ गैस पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहा था। इसी दौरान पाइपलाइन के लिए खुदाई करते समय उसके फावड़े का संपर्क जमीन के अंदर से गुजर रहे बिजली के तार से हो गया। फावड़े में करंट उतरने के कारण मुनाजिर करंट की चपेट में आ गया।
हादसा इतना गंभीर था कि श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद साथी श्रमिकों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अंडरग्राउंड बिजली के तार की जानकारी काम कर रहे श्रमिकों को दी गई थी या नहीं।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















