Shram Shakti Express: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार तड़के ट्रेन से गिरकर बिहार निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उसका क्षत-विक्षत शव बैसोली गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ट्रेन के गेट पर बैठकर सो गया होगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। जानकारी के मुताबिक, 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस के लोको पायलट ने सोमवार सुबह करीब पौने पांच बजे बैसोली गांव के सामने खंभा नंबर 1117/26 के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। लोको पायलट ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही आरपीएफ और गैंगमैन की टीम मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद रेल यातायात सुचारु कराया गया।
सुबह करीब आठ बजे जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से एक पर्स मिला। पर्स में मिले आधार कार्ड के जरिए युवक की पहचान अंकित कुमार (23), पुत्र विवेक यादव, निवासी नया टोला मिर्जापुर, पोस्ट नाथनगर, जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान वहां से वीवो कंपनी का एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। मोबाइल की बैटरी और डिस्प्ले टूटी हालत में मिली।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि अंकित किसी ट्रेन से सफर कर रहा था। संभवत: वह ट्रेन के गेट के पास बैठा था और इसी दौरान उसे नींद आ गई। संतुलन बिगड़ने के कारण वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए चिचौली मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






















