अयोध्या में बकाया गृह एवं जलकर की वसूली को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने 11 कर बकायेदारों के भवनों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कुर्की संबंधी कार्रवाई की। इन बकायेदारों पर कुल 74 लाख 48 हजार 336 रुपये का कर बकाया था। कार्रवाई के दौरान 14 लाख 54 हजार 939 रुपये की धनराशि जमा कराई गई।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि कार्रवाई की जद में होटल समेत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान और भवन शामिल रहे। बकाया कर की वसूली के लिए संबंधित भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई गई। एक मामले में संबंधित पार्षद ने तीन दिन के भीतर बकाया कर जमा कराने का आश्वासन दिया।
कार्रवाई के दौरान एक बकायेदार की दुकान बंद मिली, जिसे नगर निगम की टीम ने चिन्हित किया। कुर्की संबंधी कार्रवाई के समय मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, कर निर्धारण अधिकारी, जोनल अधिकारी और संबंधित राजस्व निरीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने बकाया कर की वसूली की प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाया।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने कर बकायेदारों से निर्धारित कर और अन्य देय धनराशि समय से जमा करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर बकाया रखने वाले भवन स्वामियों और प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वसूली की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





















