श्रावस्ती में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता एवं प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश और जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ शांति, अहिंसा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देना रहा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनुप्रिया ने प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाकर कोतवाली भिनगा से रवाना किया। रैली ईदगाह तिराहा, भिनगा तक निकाली गई। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता और पैरा-लीगल वालंटियर्स शामिल हुए। ईदगाह तिराहे पर बालिकाओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को विधिक जानकारी दी।
प्रभातफेरी के दौरान आमजन को कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के बारे में सरल और आयु-उपयुक्त तरीके से जागरूक किया गया। साथ ही महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी सेवाओं की जानकारी देते हुए जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ लगातार विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी हरिहरपुररानी, पुलिस विभाग के अधिकारी, एआरपी, शिक्षक और प्रधानाचार्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





















