सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए रिक्शा सवार अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे के पास हुआ था। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक मानक नगर थाना क्षेत्र के तेजीखेड़ा निवासी मोबीन खान (55) मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने बड़े बेटे मोहसिन के साथ पैडल रिक्शे से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी कंपनी में सफाईकर्मी की नौकरी के सिलसिले में जा रहे थे। मोहसिन रिक्शा चला रहा था, जबकि मोबीन पीछे बैठे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। पीछे बैठे मोबीन खान रिक्शे के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनका बेटा मोहसिन भी हादसे में चोटिल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक बिना रुके अपने वाहन समेत मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद राहगीरों ने दोनों घायलों की मदद की और एंबुलेंस बुलाकर उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
ट्रॉमा सेंटर में मोबीन की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि देर रात करीब दो बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मोहसिन का प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मोबीन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार कार चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।
बताया गया है कि मृतक मोबीन खान का करीब दो साल पहले अपनी पत्नी सोना से अलगाव हो गया था। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के जिम्मेदार कार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।






















