श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर मथुरा में तैयारियां तेज हो गई हैं। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को एडीजी जोन आगरा एस.के. भगत ने अधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान एडीजी जोन ने अधिकारियों को जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे, ऐसे में उनकी सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रवेश और निकास व्यवस्था का लिया जायजा
एस.के. भगत ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के प्रमुख मार्गों को देखा। उन्होंने अधिकारियों से जन्माष्टमी के लिए तैयार की गई सुरक्षा योजना की जानकारी ली। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर
एडीजी जोन ने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जन्माष्टमी के दौरान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हर गतिविधि पर सतर्क निगाह रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की विशेष जांच करने के साथ सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए तैयारियां तेज
मीडिया से बातचीत में एडीजी जोन आगरा एस.के. भगत ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियां लगातार की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें और स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं। मथुरा में जन्माष्टमी के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मथुरा से संवाददाता रोहित कुमार की खास रिपोर्ट





















