17 शिकायतों के निस्तारण के निर्देश
भूमि कब्जे, राशन और पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश
श्रावस्ती, 28 अक्टूबर। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि कब्जे, राशन, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। शिकायतों को सुनने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और संतुष्टिपरक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।





















